Opposition Meeting: लोकसभा चुनाव में बीजेपी के खिलाफ एकजुट होने में लगे विपक्षी दलों की शुक्रवार (23 जून) को पटना में बैठक हुई. इसके बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारा एकसाथ आना देश के हित में है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्ष की ज्वाइंट प्रेस कॉनफ्रेंस में कहा कि हम एक कॉमन एडेंडा तय कर रहे हैं. हम विपक्षी दल शिमला में 12 जुलाई को मिल रहे हैं. इसमें तय होगा कि आगे किस तरह से बढ़ना है. एकजुट होकर हमें 2024 की लड़ाई लड़नी है.
राहुल गांधी ने बताया क्या निर्णय हुआ?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि जैसा कि मल्लिकार्जुन खरगे और नीतीश कुमार ने बताया कि हम अगली बैठक में इस चर्चा को और गहराई तक ले जाएंगे. विपक्षी एकता एक प्रक्रिया है, जो यहीं से आगे बढ़ेगी. विचारधारा की लड़ाई है. थोड़े-थोड़े मतभेद जरूर होंगे, लेकिन हम साथ हैं.
उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी और आरएसएस हिंदुस्तान की नींव पर आक्रमण कर रही है. यह विचारधारा की लड़ाई है और हम साथ खड़े हैं. हमने निर्णय लिया है कि हम एक साथ काम करेंगे और अपनी सामान्य विचारधारा की रक्षा करेंगे. यह विपक्षी एकता की प्रक्रिया है जो आगे बढ़ेगी.
क्या बोले नीतीश कुमार?
मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अगली बैठक कुछ दिन के बाद सब पार्टियों की फिर से की जाएगी. अगली बैठक में तय होगा की कौन कहां लड़ेगा. ये बैठक खरगेआयोजित करेंगे. जो शासन में हैं वे देश के हित में काम नहीं कर रहे हैं. वे सब इतिहास बदल रहे हैं. आज की विपक्ष की बैठक में देश के सभी प्रमुख विपक्षी पार्टियों के प्रमुख नेताओं ने भाग लिया.
नीतीश कुमार ने कहा कि हम सभी विपक्षी पार्टियों ने यह निर्णय लिया है की हम आगे से सभी एक साथ मिलकर लड़ेंगे. बीजेपी देश का इतिहास बदल रही है. यह देश में फिरसे जीत कर आ जाते हैं तो देश का संविधान भी बदल देंगे. ॉ
ममता बनर्जी क्या बोंली?
तृणमूल कांग्रेस की चीफ और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जो कुछ भी पटना से शुरू होता है, वह जन आंदोलन का रूप लेता है. अगर बीजेपी दुबारा से चुनाव जीत जाती है तो देश में चुनाव नहीं होगा. उन्होंने कहा कि बीजेपी की तानाशाही सरकार है. उन्होंने कहा कि बीजेपी चाहती है कि देश का इतिहास बदला जाए, लेकिन हम यह सुनिश्चित करेंगे कि देश के इतिहास को बचाया जाए.
उद्धव ठाकरे ने एकजुट होने का बताया ये कारण
शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष और पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमारी विचारधारा अलग है लेकिन देश एक है. इसी को लेकर हम एकजुट हुए हैं. जो भी लोग देश में तानाशाही लाना चाहते हैं हम उसका विरोध करेंगे.
महबूबा मुफ्ती ने महात्मा गांधी का किया जिक्र
जम्मू कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जो भी हमारे साथ जम्मू कश्मीर में हुआ वो ही पूरे देश में हो रहा है. हम महात्मा गांधी के दिए गए आइडिया ऑफ इंडिया के साथ आगे बढ़ रहे हैं. हमारी कोशिश है कि गांधी के मुल्क को गोडसे का देश नहीं बनने दिया जाए.
मुफ्ती ने कहा कि देश में बीजेपी ने ऐसा माहौल बना दिया है कि बीते 9 वर्षों में मुसलमानों के ऊपर बेइंतेहा जुल्म हो रहा है. बीजेपी देश में आरएसएस का एजेंडा लागू करना चाहती है.


