Special Train Goa to Prayagraj for the grand Mahakumbh Mukhyamantri Dev Darshan Scheme

0
36


गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने गुरुवार (6 फरवरी, 2025) को राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री देव दर्शन यात्रा योजना’ के तहत गोवा से प्रयागराज के लिए पहली तीर्थयात्रा ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर उन्होंने महाकुंभ की व्यवस्थाओं को जमकर सराहा. गोवा के सीएम ने कहा, “महाकुंभ 2025 विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित आध्यात्मिक आयोजन है. 40 करोड़ से अधिक लोग इसमें भाग ले रहे हैं, और इतने बड़े आयोजन की व्यवस्थाएं करना निश्चित रूप से एक चुनौतीपूर्ण कार्य है. योगी आदित्यनाथ जी ने इसे सफल बनाने के लिए शानदार व्यवस्थाएं की हैं. हम गोवा के तीर्थयात्रियों को इस पवित्र आयोजन में शामिल होने का अवसर प्रदान कर गर्व महसूस कर रहे हैं.” 

पीएम मोदी के विजन को सराहा
गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विरासत भी, विकास भी” विजन की सराहना करते हुए कहा, “हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए देश के विकास के लिए भी कार्य करना है. प्रधानमंत्री मोदी जी ने इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं. हमें आने वाली पीढ़ियों को हमारी विरासत से परिचित कराते हुए विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ना होगा.”

13 और 21 फरवरी को तीर्थयात्रियों के लिए अतिरिक्त ट्रेनें 
बता दें कि कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से संचालित ये विशेष ट्रेन महाकुंभ 2025 के लिए तीर्थयात्रियों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए निर्धारित 3 ट्रेनों में पहली है. महाकुंभ 2025 के लिए तीर्थयात्रियों की यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए 2 अतिरिक्त विशेष ट्रेनें 13 फरवरी और 21 फरवरी 2025 को मडगांव रेलवे स्टेशन से सुबह 8 बजे रवाना होंगी. प्रत्येक ट्रेन में 1,000 तीर्थयात्रियों के बैठने की सुविधा होगी. साथ ही बता दें कि इसमें 18 से 60 वर्ष की आयु वाले (जिन्हें कोई चिकित्सीय समस्या न हो) योग्य यात्री पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर सीटें बुक करा सकते हैं.

सीएम योगी का जताया आभार
गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कहा, “उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में इतने बड़े महाकुंभ के आयोजन के लिए मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का अभिनंदन करता हूं. 40 करोड़ से अधिक लोगों के लिए व्यवस्थाएं करना बहुत बड़ी उपलब्धि है. गोवा सरकार की ओर से, हम उत्तर प्रदेश सरकार को इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हैं.”