PM Modi Meeting With Amit Shah And JP Nadda Over Cabinet Reshuffle BJP Organisational Change

0
95


PM Modi Meeting: बीजेपी संगठन में बदलाव और केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल की अटकलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर पार्टी के नेताओं के साथ गुरुवार (6 जुलाई) को बैठक की. इसमें गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद रहे. 

पिछले कई दिनों से बीजेपी के शीर्ष नेता लगातार बैठकें कर रहे हैं. हाल ही में शाह, नड्डा और पार्टी महासचिव (संगठन) बी एल संतोष ने कई दौर की मीटिंग की थी. माना जा रहा है कि तीनों नेताओं ने इस साल के आखिर में होने वाले तेलंगाना, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और मिजोरम के विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी संगठन में बदलाव को लेकर चर्चा की .

साथ ही ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि शाह, नड्डा और संतोष के बीच कैबिनेट में फेरबदल को लेकर भी बात हुई थी. इसके बाद तीनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके आवास पर 28 जून को भी बैठक की थी. फिर पीएम मोदी ने केंद्रीय मंत्रियों के साथ 3 जुलाई को मीटिंग की.

इस मीटिंग के बाद बीजेपी ने चार राज्यों- झारखंड, पंजाब, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की है. सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी जल्द ही छह और राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा करेगी. ये राज्य कर्नाटक, गुजरात, केरल, हरियाणा, मध्य प्रदेश और जम्मू कश्मीर हैं. 

ये ही नहीं कैबिनेट में फेरबदल की अटकलों के बीच मंगलवार और बुधवार को बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने निर्मला सीतारमण, ज्योतिरादित्य सिंधिया और किरेन रिजिजू सहित कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक की थी.