<p type="text-align: justify;"><robust>Lok Sabha Election 2024 Updates:</robust> देश में इस साल लोकसभा चुनाव होने वाले हैं. माना जा रहा है कि इस बार भी चुनाव अप्रैल-मई के महीने में करवाए जा सकते हैं. यही वजह है सभी दलों ने सीट बंटवारा और चुनावी रणनीति बनाना शुरू कर दिया है. बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने जहां सीट बंटवारे को अंतिम रूप देना भी शुरू कर दिया है, वहीं विपक्ष का इंडिया गठबंधन भी धीरे-धीरे रूप लेने लग गया है. कई राज्यों में सीट बंटवारे पर सहमति बनती हुई नजर आ रही है. </p>
<p type="text-align: justify;">लोकसभा चुनाव की तारीखों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन चर्चाएं इस बात पर हो रही हैं कि इसी महीने तारीखें सामने आ जाएंगी. एक बार तारीखें सामने आने के बाद आगे की तस्वीर भी साफ हो जाएगी, क्योंकि उसी के हिसाब से चुनावी रणनीतियां बनना शुरू हो जाएंगी. हालांकि, वर्तमान में भी कई सारे दल चुनाव को ध्यान में रखकर बैठकें और रैलियां कर रहे हैं. कहीं कोई रैली कर रहा है, तो कहीं बैठकों का दौर शुरू हो गया है. </p>
<p type="text-align: justify;">कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर मध्य प्रदेश पहुंच रहे हैं. वह यहां पर कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, जीतू पटवारी जैसे नेताओं के साथ मुलाकात करने वाले हैं. राहुल की यात्रा राजस्थान के धौलपुर के रास्ते मध्य प्रदेश में दाखिल होने वाली है. भारत जोड़ो यात्रा के जरिए सात लोकसभा सीटों वाले इलाके को कवर किया जाएगा. लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इस यात्रा को बहुत ही ज्यादा महत्वपूर्ण माना जा रहा है. कांग्रेस के दिग्गज नेता इससे जुड़ने वाले हैं.</p>
<p type="text-align: justify;">ठीक इसी तरह से बीजेपी भी तैयारी में जुटी हुई है. जहां अभी इंडिया गठबंधन अलग-अलग राज्यों में चुनावी सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा में जुटा हुआ है, तो वहीं बीजेपी अपनी पहली लिस्ट जारी करने के लिए तैयार नजर आ रही है. बीजेपी की लोकसभा चुनाव उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में कई दिग्गजों के नाम शामिल हो सकते हैं. इसमें खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का नाम शामिल हो सकता है. लिस्ट को लेकर बीजेपी नेताओं ने कई बार बैठक की है.</p>
