Delhi Floods Assam CM Himanta Biswa Sarma Slams Arvind Kejriwal Says We Face Every Year

0
189


Assam CM On Delhi Floods: देश की राजधानी दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति बनने के बाद से लगातार राजनीति भी हो रही है. मामले को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लिया जा रहा है. इसी क्रम में असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने भी सीएम केजरीवाल पर तंज कसा है.

उन्होंने रविवार (16 जुलाई) को कहा है कि असम में भी हर साल बाढ़ आती है लेकिन इसके लिए दूसरों को जिम्मेदार नहीं ठहराते. बहादुरी से इसका सामना करते हैं. सीएम सरमा ने ट्वीट करते हुए कहा, “हर साल, हमें भूटान, अरुणाचल और यहां तक कि चीन से भी पानी मिलता है. हम बहादुर दिलों के साथ बाढ़ का सामना करते हैं. हम मानवीय कल्पना से परे दर्द और दुख का अनुभव करते हैं, फिर भी हम दूसरों को दोष नहीं देते हैं. क्योंकि हम जानते हैं कि प्रकृति भूगोल को नहीं पहचानती.”

‘केजरीवाल के निमंत्रण का इंतजार’

असम के मुख्यमंत्री सरमा ने इससे पहले भी दिल्ली के सीएम पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा था कि वो 6 महीने से केजरीवाल के निमंत्रण का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनके पास दिल्ली घुमाने वाला आमंत्रण नहीं आया है. हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि आज भी केजरीवाल अगर निमंत्रण भेजते हैं तो वह उनके घर मिलने जाएंगे.

दरअसल, इसी साल अप्रैल के महीने में अरविंद केजरीवाल असम के दौरे पर गए थे. इस दौरान केजरीवाल ने असम सीएम हिमंत सरमा को दिल्ली आने और अपने आवास पर चाय के लिए निमंत्रण दिया था. दोनों के बीच खूब जुबानी जंग छिड़ी थी.

दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात

दिल्ली में अब पिछले 2-4 दिनों से बारिश तो नहीं हो रही है, लेकिन बिना बारिश के भी यमुना का जलस्तर अभी कम नहीं हुआ है. यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से 1 मीटर ऊपर बह रहा है. आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. यमुना के कहर से दिल्ली के कई इलाकों के लोगों का जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. यमुना के तटीय इलाकों में पानी जमा होने से लोगों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा है.

ये भी पढ़ें: Assam Polygamy: ‘बहुविवाह पर असम में लगाया जाएगा बैन, जल्द बिल लाएगी सरकार’- सीएम हिमंत बिस्वा ने किया ऐलान