Andhra Pradesh Train Accident: | Andhra Pradesh Train Accident:

0
123


Andhra Pradesh Train Accident: आंध्र प्रदेश में पिछले साल 29 अक्टूबर को हुए रेल हादसे को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बड़ा खुलासा किया. उन्होंने रविवार (3 मार्च, 2024) को कहा कि रेल का ड्राइवर (लोको पायलट) और असिस्टेंट ड्राइवर फोन पर क्रिकेट देख रहे थे. 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश में मामला तब हुआ जब लोको पायलट और सह-पायलट दोनों का ध्यान क्रिकेट मैच की वजह से भटक गया था. अब हम ऐसी प्रणाली स्थापित कर रहे हैं जो ऐसे किसी भी विकर्षण का पता लगा सकती है और यह सुनिश्चित कर सकती है कि पायलट और सहायक पायलट पूरी तरह से ट्रेन चलाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं ’’

रेल हादसे में कितने लोगों की जान गई?
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 29 अक्टूबर 2023 की शाम सात बजे आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के कंटाकापल्ली में हावड़ा-चेन्नई मार्ग पर रायगड़ा यात्री रेलगाड़ी ने विशाखापत्तनम पलासा ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई थी और 50 से अधिक यात्री घायल हुए थे.

वैष्णव ने नए सुरक्षा उपायों के बारे में बात करते हुए आंध्र ट्रेन दुर्घटना का जिक्र किया, जिन पर भारतीय रेलवे काम कर रहा है. 

रेलवे जांच में क्या सामने आया? 
रेलवे सुरक्षा आयुक्तों (सीआरएस) की जांच रिपोर्ट अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है. हालांकि, घटना के एक दिन बाद प्रारंभिक रेलवे जांच के हवाले से कहा गया था कि ट्रेन हादसे के लिए रायगड़ा यात्री गाड़ी के लोको पायलट और सहायक लोको पायलट जिम्मेदार हैं जिन्होंने खराब स्वचालित सिग्लन प्रणाली के लिए तय नियमों का उल्लंघन किया.  इस हादसे में चालक दल के दोनों सदस्यों की मौत हो गई थी.

इनपुट भाषा से भी. 

ये भी पढ़ें- WATCH: पोखरण में एक ही ट्रैक पर आमने-सामने आ गईं दो एक्सप्रेस ट्रेनें, मच गया हड़कंप, फिर क्या हुआ?