मैक्रों, लूला, रामगुलाम से लेकर UAE के क्राउन प्रिंस तक… दिल्ली के AI समिट में शामिल होंगे दुनिया के बड़े-बड़े दिग्गज

0
37


Show Quick Read

Key factors generated by AI, verified by newsroom

भारत की राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में अगले हफ्ते सोमवार से शुक्रवार (16 से 20 फरवरी, 2026) तक इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 का आयोजन होने जा रहा है. इस समिट में शामिल होने के लिए दुनिया के कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, प्रधानमंत्री, नीति निर्माता, टेक लीडर्स और AI एक्सपर्ट भारत पहुंचेंगे.

सरकार के मुताबिक, यह समिट तीन बड़े सूत्रों पर आधारित होगी, जिसमें People (लोग), Planet (धरती) और Progress (विकास) शामिल हैं. यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिर्फ टेक्नोलॉजी नहीं, बल्कि आम लोगों की जिंदगी सुधारने का जरिया बने और एआई को इंसान, धरती और विकास के लिए कैसे इस्तेमाल किया जाए.

क्यों खास है यह समिट?

नई दिल्ली में होने वाला यह इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 कई मायनों में बेहद खास है. इसमें AI पर वैश्विक नियमों और एथिक्स पर चर्चा, हेल्थ, एजुकेशन, ट्रैफिक, गवर्नेंस में AI का इस्तेमाल, AI से नौकरियों पर असर और नए मौके और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर भारत की रणनीति पर चर्चा होगी.

इस समिट के जरिए भारत यह संदेश दे रहा है कि AI सिर्फ अमीर देशों की टेक्नोलॉजी नहीं, बल्कि विकासशील देशों के लिए भी अवसर है. डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इकोसिस्टम और AI-इनोवेशन के दम पर भारत अब AI पॉलिसी, नियम और जिम्मेदार इस्तेमाल की ग्लोबल बहस में लीडर रोल निभाने की तैयारी में है.

पीएम मोदी ने दुनिया के कई देशों को दिया निमंत्रण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर इस एआई समिट में फ्रांस, ब्राजील, स्पेन, फिनलैंड, नीदरलैंड्स, श्रीलंका, स्विट्जरलैंड, UAE समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रधानमंत्री शिरकत करेंगे. इसके अलावा, 45 से ज्यादा देशों के मंत्रीस्तरीय प्रतिनिधिमंडल, संयुक्त राष्ट्र (UN) के महासचिव और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी भी चर्चा में शामिल होंगे.

दुनिया के कौन-कौन से नेता समिट में लेंगे भाग?

प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, बोलीविया के उपराष्ट्रपति एडमंड लारा मोंटानो, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा, क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच, एस्टोनिया के राष्ट्रपति अलार कारिस, फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ऑर्पो, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ग्रीस के प्रधानमंत्री क्यिरियाकोस मित्सोताकिस, गुयाना के उपराष्ट्रपति भर्रत जगदेओ, कजाकिस्तान के प्रधानमंत्री ओलझास बेकतेनोव, लिकटेंस्टाइन के हेरिडिटरी प्रिंस प्रिंस एलोइस, मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम, सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वूचिच, स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी, स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायका, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति सेबास्टियन पिल्लै, स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन, नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री डिक शूफ और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान शामिल होने वाले हैं.


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here