महाराष्ट्र में हुई हार तो TMC ने उठाया राहुल गांधी की क्षमता पर सवाल! कहा- इंडिया गठबंधन को मजबूत नेता की जरूरत

0
48


TMC Attack On Rahul Gandhi: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी (एमवीए) की हार का असर अब भारतीय राष्ट्रीय विकास समावेशी गठबंधन (इंडिया) ब्लॉक पर भी दिखने लगा है. इसका संकेत तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने देना शुरू कर दिया है. मंगलवार (26 नवंबर) को टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने राहुल गांधी को एक कमजोर नेता बताया.

न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा, “कांग्रेस हरियाणा या महाराष्ट्र में इच्छानुसार नतीजे पाने में विफल रही है. हमें कांग्रेस से बहुत उम्मीद थी कि वे बेहतर प्रदर्शन करेंगे. INDIA गठबंधन तो है लेकिन अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं हो सका और परिणाम प्राप्त करने में कांग्रेस की ओर से बड़ी विफलता है. आज अगर आप बीजेपी के खिलाफ लड़ना चाहते हैं तो यह जरूरी है कि INDIA गठबंधन मजबूत हो और इसे मजबूत बनाने के लिए एक नेता की जरूरत है. अब नेता कौन हो सकता है? यही मूल प्रश्न है. कांग्रेस ने यह कर दिखाया है. सभी प्रयोग किए गए हैं, लेकिन वे विफल रहे हैं.”

INDIA ब्लॉक की मीटिंग से भी टीएमसी ने बनाई दूरी 

इससे पहले कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से बुलाई गई इंडिया ब्लॉक की बैठक में भी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) शामिल नहीं हुई. टीएमसी ने कहा कि उसके नेता कोलकाता में अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में व्यस्त थे लेकिन टीएमसी को संसद सत्र के पहले दिन के बारे में पता था और इसलिए उनकी अनुपस्थिति चौंकाने वाली थी. मामले ने तब गंभीर मोड़ ले लिया, जब टीएमसी के कल्याण बनर्जी ने कहा कि टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी को इंडिया ब्लॉक का नेता बनाया जाना चाहिए.