बीजेपी में शामिल होंगे कांग्रेस नेता भूपेन बोरा, फैसले पर फिर लिया यूटर्न, असम CM ने की घोषणा

0
12


असम में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी राजनीतिक हलचल हुई है. असम में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार (17 फरवरी 2026) को राज्य के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि भूपेन बोरा 22 फरवरी को बीजेपी में शामिल होंगे. असम कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा ने सोमवार (16 फरवरी 2026) को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था.

कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने बोरा का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है और उन्हें इसे वापस लेने के लिए मनाने की कोशिश की थी. इसके बाद, उन्होंने अपने फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए समय मांगा था.

भूपेन बोरा बीजेपी में शामिल होंगे: हिमंता बिस्वा सरमा

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, ‘दिलीप सैकिया भूपेन बोरा के बीजेपी में शामिल होने से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी करेंगे. उनके साथ गुवाहाटी और उत्तर लखीमपुर में कई कांग्रेस नेता भी बीजेपी में शामिल होंगे. वे कांग्रेस में आखिरी मान्यता प्राप्त हिंदू नेता हैं. हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उनके पार्टी शामिल होने को मंजूरी दे दी है और उनका स्वागत किया है.’

‘बीजेपी में शामिल होना घर वापसी जैसा’

असम के सीएम ने कहा, ‘भूपेन बोरा को पूरा सम्मान और गरिमा दी जाएगी. बीजेपी में शामिल होना उनके लिए घर वापसी जैसा होगा क्योंकि यह एक ऐसी पार्टी है जिसमें उनके जैसे कई लोग हैं, जिनके पिता किसी उच्च पद पर नहीं रहे. कांग्रेस अब मुख्यधारा के असमिया लोगों की पार्टी नहीं रह गई है.’

उन्होंने कहा, ‘एक सच्चा कांग्रेसी नेता इस बात से दुखी होगा कि उसकी पार्टी चुनाव जीतने के लिए संघर्ष नहीं कर रही है. मैंने भी यही पीड़ा झेली थी. जब मैं बीजेपी में शामिल होने गया, तब मुझे भी ऐसे फोन आए थे. ये लोग सामंतों की तरह जीते हैं. उन्हें लगता है कि एक फोन करने से फैसला बदल जाएगा. अगर कोई कहे कि मैं पार्क होटल देखने इस्लामाबाद गया था और आप उन लोगों को मंजूरी दे देते हैं तो क्या आप राष्ट्रविरोधी नहीं हैं?’

मैं प्रियंका गांधी से बड़ा नेता हूं: हिमंता बिस्वा सरमा

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से पूछा गया कि क्या कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी की गुवाहाटी यात्रा का कोई प्रभाव पड़ेगा? इस पर उन्होंने कहा, ‘क्यों? क्या वह यहां वोट डालने जा रही हैं? मैं उनसे बड़ा नेता हूं. भूपेन बोहरा उनसे बड़ा नेता हैं. दिलीप सैकिया उनसे बड़े नेता हैं. जहां तक ​​असम का सवाल है.’




LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here