नमाज के वक्त जामा मस्जिद के पास इकट्ठा हो गए लोग, जमकर किया हंगामा, जानें हैदराबाद में बवाल क्यों?

0
2


हैदराबाद शहर के अम्बरपेट इलाके में जामा मस्जिद के नजदीक कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर हंगामा करने की घटना के बाद शहर पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया. यह घटना गुरुवार शाम को हुई, जब कुछ असामाजिक तत्वों ने मस्जिद के आसपास शोर-शराबा मचाया और इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश की. 

डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मस्जिद कमेटी ने कुछ शिकायतें दर्ज कराई हैं. उन्होंने कमेटी को सलाह दी है कि वे औपचारिक शिकायत अम्बरपेट पुलिस स्टेशन में कराएं. पुलिस ने स्पष्ट किया कि शिकायत मिलने के बाद कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.

डीसीपी ने संभाला मोर्चा
नमाज़ के वक्त मस्जिद के बाहर कुछ लोग जमा थे, जो नारे लगा रहे थे और आवाजाही में रुकावट डाल रहे थे. स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक हंगामा हुआ था, जिससे आसपास के निवासियों में डर का माहौल बन गया. मस्जिद कमेटी के सदस्यों ने पुलिस से बात की और कहा कि ऐसे तत्वों की वजह से धार्मिक स्थल के आसपास शांति भंग हो रही है. डीसीपी उत्तर जोन ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.

पहले भी कईं बार हो चुके हैं विवाद
अम्बरपेट में मस्जिदों और धार्मिक स्थलों से जुड़े विवाद अतीत में भी सामने आ चुके हैं. साल 2019 में यहां एक मस्जिद के ध्वस्त होने के बाद विरोध प्रदर्शन हुए थे, जिसमें पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया था. तब सड़क चौड़ीकरण के लिए ढांचा हटाया गया था, जिससे तनाव बढ़ा. हाल के वर्षों में भी कुछ जगहों पर शोर या अतिक्रमण को लेकर शिकायतें आई हैं. 

स्थानीय निवासियों का कहना है कि हैदराबाद जैसे शहर में जहां सभी धर्म के लोग मिल-जुलकर रहते हैं, ऐसे छोटे-मोटे हंगामे शांति को भंग करते हैं. मस्जिद कमेटी ने अपील की है कि लोग संयम बरतें और कोई भी विवाद हो तो पुलिस या प्रशासन से संपर्क करें. पुलिस का कहना है कि वे इलाके में निगरानी बढ़ा रहे हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो.

ये भी पढ़ें

US- Pax Silica Alliance : अमेरिका संग ‘पैक्स सिलिका’ में शामिल हो गया भारत, क्या है ये, कैसे नया किंग बनेगा भारत?


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here