करूर हादसे के बाद TVK चीफ विजय की रैली में फिर घटी दुर्घटना, दिल का दौरा पड़ने से शख्स की मौत

0
22


Show Quick Read

Key factors generated by AI, verified by newsroom

तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख विजय की रैली में एक बार फिर से बड़ी घटना घटी गई है. तमिलनाडु के सलेम में आयोजित टीवीके चीफ विजय की रैली के दौरान शुक्रवार (13 फरवरी, 2026) को एक शख्स की कथित तौर पर दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई.

सलेम के पुलिस अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि महाराष्ट्र के रहने वाले 37 साल के व्यक्ति की आज शुक्रवार (13 फरवरी, 2026) को तमिलनाडु के सलेम में आयोजित एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान कथित रूप से दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई. मृतक की पहचान महाराष्ट्र के मूल निवासी सूरज के रूप में हुई है. 

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया- पुलिस

पुलिस अधिकारियों ने आगे कहा कि मृतक सूरज सलेम के सेव्वैपेट्टई इलाके में रहता था और वहां चांदी से जुड़े काम करता था. वह शादीशुदा था और उनके परिवार में उसकी पत्नी और उसका एक बच्चा भी है. वह टीवीके की ओर से पार्टी पदाधिकारियों के लिए आयोजित जनसभा में एक दर्शक के तौर पर शामिल होने के लिए गया था, लेकिन सलेम में कार्यक्रम के दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा. इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने मृतक सूरज की मौत का प्राथमिक कारण दिल का दौरा पड़ना बताया है. हालांकि, इस मामले में स्थानीय पुलिस आगे की जांच कर रही है.

कुछ महीने पहले करूर में विजय की रैली में मच गई थी भगदड़

उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु के सलेम में हुई इस घटना के कुछ महीने पहले राज्य के करूर जिले में आयोजित तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख विजय की रैली के दौरान भगदड़ मच गई थी. उस घटना में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई थी और 60 से ज्यादा लोग घायल भी हुए थे.

फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) करूर भगदड़ मामले में गहन जांच कर रही है. वहीं, इस मामले को लेकर टीवीके चीफ विजय दो बार सीबीआई के सामने पूछताछ के लिए पेश भी हुए हैं.


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here