Hyderabd Crime News: तेलंगाना के हैदराबाद के बोराबंडा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने शक के आधार पर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. हैरानी की बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी ने शांति से घर से बाहर निकलकर व्हाट्सएप पर स्टेटस डाल दिया, जिसमें उसने खुद अपराध कबूल किया. यह घटना बोराबंडा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के राजीव गांधी नगर की है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अंजनेयुलु के रूप में हुई है, जिसने अपनी 34 साल की पत्नी सरस्वती की हत्या की. दोनों मूल रूप से तेलंगाना के वनपर्थी जिले के रहने वाले थे और उनकी शादी साल 2013 में हुई थी. दंपती के दो छोटे बच्चे भी हैं. सरस्वती एक आईटी कंपनी में हाउसकीपिंग सुपरवाइजर के रूप में काम करती थी और उसी की कमाई से घर चल रहा था, जबकि अंजनेयुलु काम न करने के बावजूद पत्नी पर लगातार शक करता और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था.
बदलने का भरोसा देकर घर लाया
पति के व्यवहार से परेशान होकर सरस्वती कुछ समय पहले अपने मायके चली गई थी. 17 जनवरी को आरोपी ने यह भरोसा दिलाकर कि वह अब बदल जाएगा, पत्नी को वापस घर ले आया. लेकिन यह भरोसा झूठा साबित हुआ. सोमवार रात जब सरस्वती सो रही थी, तब अंजनेयुलु ने रोलिंग पिन से उसके सिर पर जोरदार हमला किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
घटना के समय पास में सो रहे बच्चे जाग गए, लेकिन आरोपी ने उन्हें यह कहकर शांत कर दिया कि उनकी मां सो रही है और खुद घर से फरार हो गया. कुछ समय बाद जब बच्चों ने अपनी मां को खून से लथपथ और निश्चल पड़ा देखा, तो वे घबरा गए और अपने मामा सुधाकर को सूचना दी. इसके बाद पुलिस को 100 डायल के जरिए जानकारी दी गई.
आरोपी ने व्हाट्सएप स्टेटस लगाया
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी ने व्हाट्सएप स्टेटस लगाया, जिसमें लिखा था कि उसने अपने जीवन के आधे हिस्से को अपने हाथों से मार डाला. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी सरस्वती के एक भाई पर चाकू से हमला कर चुका था.
सरस्वती के भाई सुधाकर की शिकायत पर बोराबंडा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस का कहना है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस घटना से इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है.

The Hindu Patrika is founded in 2016 by Mr. Nilesh Desai. This website is providing news and information mainly related to Hinduism. We appreciate if you send News, information or suggestion.
